गाजीपुर। रबी विपणन 2026-27 के तहत गेहूं खरीद की तैयारियों के दावों के बीच जंगीपुर मंडी स्थित क्रय केंद्र पर सोमवार को आवक शून्य मिली। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार के औचक निरीक्षण में व्यवस्थाएं तो दुरुस्त मिलीं, लेकिन केंद्र पर एक भी किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचा, जिससे खरीद शून्य रहा।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर बैनर, समर्थन मूल्य की जानकारी, पेयजल व बैठने की व्यवस्था, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य उपकरण मौजूद मिले। अभिलेख भी व्यवस्थित पाए गए, लेकिन इसके बावजूद केंद्र पर खरीद शुरू न होना अधिकारियों की तैयारियों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को दर्शाता है।
एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर गेहूं खरीद में तेजी लाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से वापस न किया जाए और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी क्रय केंद्र निर्धारित समय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहें और केंद्र प्रभारी अपना मोबाइल नंबर चालू रखें। किसानों को पंजीकरण और बिक्री के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान रामगोपाल यादव, नेहा कुशवाहा, ज्योति प्रकाश त्रिपाठी, हनुमान यादव एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय उपस्थित रहे।