नंदगंज। थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार स्थित एक सराफ की दुकान में मंगलवार की शाम छह बजे घुसे दो लुटेरों ने दुकानदार का गला दबाकर आभूषण लूटने प्रयास किया। शोरगुल सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने दोनों लुटेरों को दबोचा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस दोनों लुटेरों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी हुई।
अनिल बरनवाल की मकान में ही सराफा की दुकान है। शाम छह बजे दो लोग ग्राहक बनकर पहुंचे और आभूषण खरीदने के लिए दिखाने को कहा। इस पर अनिल बरनवाल ने कई आभूषण दिखाए लेकिन पसंद नहीं आया। उन्होंने ज्यादा वजन का गहना लाने को कहा। इस पर दुकानदार दुकान के पीछे दूसरे कमरे में रखे तिजोरी के पास जाकर आभूषण निकालने लगे। इसी दौरान एक लुटेरा तिजोरी तक पहुंच गया और दुकानदार का गर्दन दबाकर आभूषण झोले में भरने का प्रयास करने लगे। कुछ देर बाद दूसरा लुटेरा भी पहुंच गया और आभूषण लूटने के प्रयास में जुट गया। पीड़ित दुकानदार के शोर मचाने पर आस-पास के दुकानदार और राहगीर उसकी दुकान के तरफ दौड़ पड़े और घेराबंदी कर दोनों लुटेरों को धर-दबोचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुकानदारों के चंगुल से दोनों लुटेरों को छुड़ाकर थाने लेकर आई और पूछताछ में जुट गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार के तरफ से तहरीर नहीं मिली है। दोनों लुटेरों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।