गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिले में तैनात सात खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) का दूसरे जिलों में तबादला कर दिया गया है। वहीं, जिले में सात नए खंड शिक्षा अधिकारियों की तैनाती की गई है। शासन की ओर से स्थानांतरण संबंधी आदेश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। जारी आदेश के अनुसार गाजीपुर में तैनात रविंद्र सिंह को वाराणसी, मिनहाज आलम को जौनपुर, बीरबल राम, अशोक कुमार गौतम और हेमंत कुमार को मऊ, मनीष कुमार पांडेय को चंदौली तथा राजीव कुमार यादव को सुल्तानपुर भेजा गया है।
जिले में नए खंड शिक्षा अधिकारियों के रूप में वाराणसी से अखिलेश यादव, जौनपुर से नीरज कुमार श्रीवास्तव, रमाकांत सिंह, श्रवण कुमार यादव, राजेश कुमार वैश्य और गौतम प्रसाद तथा देवरिया से अमित कुमार सिंह की तैनाती की गई है। एक साथ सात अधिकारियों के स्थानांतरण और सात नए अधिकारियों के आगमन से जिले के कई विकासखंडों में बीईओ की जिम्मेदारी में बदलाव होगा। बीएसए उपासना रानी वर्मा ने बताया कि शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती वाले जिले में कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। अब नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद विकासखंडों में शिक्षा व्यवस्था को किस तरह गति मिलती है। संवाद