गाजीपुर। मकर संक्रांति पर्व के मद्देनजर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में त्योहार से संबंधित सामग्री की दुकानें लग गईं हैं। पूरा बाजार तिल और गुड़ की सोंधी खुशबू से चहक रहा है और दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सामान की कीमतों में कुछ वृद्धि हुई है। इसके बावजूद लोग पर्व के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार लाई-चूड़ा आदि की खरीदारी कर रहे हैं। परंपरा के अनुसार हर वर्ष 14 जनवरी को मकरं संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। त्योहार को लेकर मिश्रबाजार में लाई-चूड़ा, तिलकुट, गजक, पट्टी, ढूंढा आदि की दुकानें सजी हैं। खुले के साथ ही प्लास्टिक के छोटे-बड़े पैकेटों में भी सामग्री उपलब्ध है। लाई 70 से 90 रुपये प्रति किलो बिक रही है। चूड़ा और गुड़ 60 से 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। तिलवा 70 से 100, तिल का लड्डू 60 रुपये पैक, बादाम पट्टी 140 से 300 रुपये प्रति किग्रा, गजक 160 से 300, ढूंढा 90, लाई का लड्डू 80 से 100, तिल की पापड़ी 260 से 300 तथा गजक पट्टी 90 से 120 रुपये प्रति पैक में उपलब्ध है।
मिश्रबाजार में दुकानदार सनौव्वर ने बताया कि पर्व के मद्देनजर खरीदारी की जा रही है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सामग्री की कीमत में 5 से 15 रुपये तक का इजाफा हुआ है।