गाजीपुर। आरपीएफ के दो जवानों की हत्या मामले में 13 आरोपियों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है। इनमें सात गिरफ्तार हो चुके हैं और एक मुठभेड़ में ढेर हो चुका है। मुख्य आरोपियों में शम्मी उर्फ गांधी शामिल है। इसने आरपीएफ जवान प्रमोद के बेहोश होने के बाद पैर से मारा था और साथियों के साथ प्रमोद को गेट तक लाया और झुलाते हुए चलती ट्रेन से फेंक दिया था। पुलिस ने इस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, पुलिस शम्मी समेत अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
आरपीएफ़ के दो सिपाही जावेद खान और प्रमोद 19 अगस्त को बाड़मेर गुवाहाटी एक्सप्रेस में अवैध शराब की तस्करी रोकने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान तस्करों ने दोनों जवानों को निर्ममतापूर्वक पीटकर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। जांच में जुटे अधिकारियों के मुताबिक कुचमन में तस्करों के चेन पुलिंग करने के दौरान ट्रेन में चढ़ने वाला शम्मी उर्फ गांधी भी हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। मोहम्मद जाहिद भी चेन पुलिंग के दौरान ही ट्रेन में चढ़ा था। हत्याकांड की जांच के दौरान ये बात सामने आई है कि सिपाही जावेद और प्रमोद के विरोध करने और अगले स्टेशन पर पकड़वाने की बात जाहिद और शम्मी को नागवार लगी थी। दोनों ने गाली देते और चोर-चोर कहते हुए आरपीएफ जवानों से झगड़ा शुरू कर दिया था। इसके बाद अन्य तस्करों पंकज, विनय, प्रेम आदि को भड़का कर मारने के लिए उकसाया थे। जांच में जुटे एक अधिकारी के मुताबिक आरोपियों ने दोनों जवानों के मोबाइल छीन लिए थे। बेल्ट से इस कदर पिटाई की थी कि प्रमोद बेहोश हो गए थे, जबकि जावेद ट्रेन के गेट को पकड़कर लटक गए थे। कपड़े उतारने के बाद जाहिद ने जावेद को पैर से मारकर चलती ट्रेन से नीचे फेंका था। वहीं साथियों के साथ शम्मी प्रमोद को घसीटते हुए पैर से मारकर गेट तक लाया था। इसके बाद किसी ने हाथ तो किसी ने पैर पकड़कर प्रमोद को चलते ट्रेन से फेंक दिया था। पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर मोहम्मद जाहिद पर एक लाख का इनाम घोषित किया था। दूसरे आरोपी फुलवारी शरीफ पटना बिहार निवासी शम्मी उर्फ गांधी पर 50 हजार रुपये का इनाम है। इसके अलावा चार अन्य हत्यारोपियों को भी चिह्नित कर तलाश कर रही है। जांच में सभी अज्ञात आरोपियों के नाम सामने आ गए आए हैं।
आरपीएफ जवानों की हत्या मामले में नामजद आठवें आरोपी शम्मी उर्फ गांधी पर 50 हजार का इनाम घोषित है। हत्याकांड में सभी अज्ञात आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। दबिश दी जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपी गिरफ्तार कर लले जाएंगे। -डॉ. ईरज राजा, एसपी
मामले में अब तक हुई कार्रवाई पर एक नजर
मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू निवासी मंसूर गली पेढ़िमा बाज़ार, फुलवारी शरीफ पटना बिहार मुठभेड़ में ढेर
-प्रेमचंद वर्मा निवासी ग्राम भगवतीपुर थाना बिहटा पटना-मुठभेड़ में घायल
-रवि ग्राम ढंडीहा थाना कोइलवर जिला भोजपुर आरा बिहार मुठभेड़ में घायल
-विनय ग्राम जानीपुर थाना जानीपुर पटना बिहार गिरफ्तार
-पंकज ग्राम न्यूरा कॉलोनी पटना बिहार गिरफ्तार
-बिलेंद्र पासी ग्राम उसरी बाजार थाना शाहपुर पटना बिहार गिरफ्तार
-रवि कुमार ग्राम खगोल थाना खगोल पटना गिरफ्तार