जमानिया कोतवाली में खडी परिवहन विभाग द्वारा सीज की गई स्कूल वाहन। संवाद
- फोटो : 1
जमानिया। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से ऑपरेशन सेफ फ्यूचर अभियान चलाया गया। इसके तहत बृहस्पतिवार को एआरटीओ के नेतृत्व में हुई जांच में 21 स्कूल वाहनों का चालान किया गया, जबकि छह वाहनों को सीज कर दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों की सूची आगे की कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि जुलाई में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले पिछले तीन महीनों से सभी स्कूलों को समाचार पत्रों, विभागीय कर्मचारियों और व्यक्तिगत नोटिस के माध्यम से वाहनों के सभी प्रपत्र और सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई स्कूल बिना वैध परमिट और निर्धारित मानकों के वाहन संचालित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ स्कूलों के कई वाहन पहले से ही परमिट संबंधी कमियों के कारण चिह्नित थे, लेकिन स्कूल खुलने के बाद भी वे उसी स्थिति में बच्चों का परिवहन करते मिले। बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद लौटते समय इन वाहनों को सीज किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित न हो।
रद्द हो सकती स्कूलों की मान्यता
एआरटीओ ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के माध्यम से शासन को भेजी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण (रद्द) करने की कार्रवाई भी की जाएगी। पीटीओ लव कुमार सिंह ने कहा कि स्कूलों की छुट्टी एक ही समय होने के कारण अभियान के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाती है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों का पीछा नहीं किया जाता, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।