अमेरिका से हैदराबाद होते हुए गाजीपुर आए एक परिवार के चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट शुक्रवार को बीएचयू से स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची। सभी चार लोगों की रिपोर्ट कोरोा पॉजिटिव पाई गई है। ऐसे में अब बीएचयू से संक्रमितों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे। वहीं संक्रमितों के माता-पिता समेत आसपास के 21 संदिग्धों की कोविड जांच के लिए स्वैब बीएचयू भेजा गया है जिसकी रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। हालांकि संक्रमितों में कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहा है। एहतियातन उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग टीम उनकी निगरानी कर रही है।
एसीएमओ डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि अमेरिका से शहर के एक मुहल्ले में आए परिवार के चार सदस्य हैदराबाद भी रुके थेे। वहां उन्होंने निजी लैब में जांच कराई थी। गाजीपुर पहुंचने पर उन्हें पॉजिटिव होने पता चला था। इसकी जानकारी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित व्यक्ति के माता और पति समेत अन्य संपर्क में आए 19 लोगों का स्वैब जांच के लिए बीएचयू भेजा था। वहां से चार संक्रमित मिले लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि उनके माता-पिता और 19 लोगों की रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है।
ऐसे में अब चारों संक्रमितों के सैंपल ओमिक्रॉन जांच के लिए वाराणसी से भेजा जाएगा। हाम आइसोलेशन के दौरान संक्रमितों पर नजर रखी जा रही है। माता-पिता और 19 अन्य जिनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है उन्हें होम आईसोलेट रहने के साथ ही एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। एसीएमओ ने बताया कि हालांकि सभी को कोविड टीका के दोनों डोज लगे हुए हैं। कोविड के लक्षण भी नहीं दिखाई पड़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी करने के साथ उनके नंबरों पर बात करके स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है। इसको लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।