सैदपुर क्षेत्र के करमपुर स्टेडियम पर आयोजित कुश्ती दंगल के अवसर पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने कहा कि करमपुर में हॉकी के साथ-साथ कुश्ती की अपार संभावनाएं हैं। इसे देखते हुए यहां साई सेंटर की स्थापना की जाएगी जो इस जिले के कुश्ती से जुड़े नौजवानों के लिए वरदान साबित होगा।
उन्होंने प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि अंचल के इस पिछड़े गांव में किशोरों और नौजवानों में कुश्ती के प्रति जिस तरह का जुनून है वह अनुकरणीय है। इसके लिए उन्होंने स्व. तेजबहादुर सिंह और उनके छोटे भाई राधेमोहन सिंह के योगदान की प्रशंसा की। साई सेंटर खोले जाने की घोषणा करते हुए कहा कि यहां कि नर्सरी में उगने वाली खेल प्रतिभाओं को सारे संसाधन मुहैया कराकर उन्हें पूरी तरह निखारा जाएगा। इसमें उन्हें खाने, रहने और खेलने की सामग्री निशुल्क मिल सकेगी।
इस मौके पर पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने बताया कि करमपुर स्टेडियम से निकले कुश्ती के 50 से अधिक खिलाड़ी सरकारी नौकरी कर रहे हैं। हॉकी से 200 से अधिक खिलाड़ी पुलिस, रेलवे और सेना में चयनित होकर जीवन खुशहाल बना चुके हैं। इस मौके पर स्टेडियम के निदेशक अनिकेत सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रमाशंकर सिंह हिरन आदि मौजूद थे।