गाजीपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत तीन चरणों में कुल 3503 अभिभावकों ने प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चों के नामांकन के लिए आवेदन किया था। शनिवार की देर शाम तीसरे और अंतिम चरण में हुुए 550 आवेदन पत्रों की लॉटरी निकाली गई। इसमें 210 बच्चों को स्कूल आवंटित किया गया। आरटीई लॉटरी की प्रक्रिया के तहत इस बार 1352 जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा के लिए स्कूलों का आवंटन कर दिया गया है। इसमें बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी की जानी है।
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई के पहले चरण में कुल 1849 आवेदन आए थे। इसमें 208 आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए, जबकि शेष 1641 पात्र विद्यार्थियों की लाॅटरी निकाली गई। इनमें 775 विद्यार्थियों को स्कूल आवंटित कर दिए गए। दूसरे चरण के लिए 956 आवेदन पोर्टल पर हुए थे, जिनमें 779 पात्र आवेदनों की लाॅटरी निकाली गई। इसमें 367 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए। तीसरे एवं अंतिम चरण में 698 आवेदन हुए थे, जिनमें 148 आवेदन पत्र विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए थे। शेष 550 आवेदन पत्रों को लाॅटरी की प्रक्रिया में शामिल किया गया, जिनमें 210 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि तीनों चरणों में कुल मिलाकर 3503 लोगों ने आवेदन किया था। जिसमें से 533 आवेदनों को विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिया गया। इसके बाद निकाली गई तीनों चरणों के लॉटरी प्रक्रिया में कुल 1352 बच्चों को चयनित किया गया है। चयनित बच्चों का आवंटन के सापेक्ष सीटों पर प्रवेश के आदेश जारी किए जाएंगे।