नोनहरा थाना क्षेत्र के अलावलपुर-हुंडरहीं मार्ग पर सोमवार की रात बाइक सवार सब्जी विक्रेता की बाइक रोककर चार लुटेरों ने उसे मारापीटा और लूटपाट की। लूटेरे 26 हजार नकदी, सोने की चेन, मोबाइल, एटीएम, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सामान सब्जी विक्रेता से लूट कर फरार हो गए। घटना में सब्जी विक्रेता के सिर और आंख-कान में चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
हुंडरहीं गांव निवासी जहान प्रसाद गुप्ता कासिमाबाद में सब्जी के थोक विक्रेता हैं। जहान प्रसाद गुप्ता प्रतिदिन की तरह सब्जी बेचकर रात 10:30 बजे बाइक से घर जा रहा था। अलावलपुर हुंडरहीं मार्ग पर एक बाइक पर सवार चार लुटेरे आए और जहान प्रसाद गुप्ता को रोक लिए। सब्जी विक्रेता के बाइक से उतरते ही लुटेरों ने उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया। साथ ही मोबाइल, पर्स में रखे 26 हजार रुपये नकदी समेत एटीएम और ड्राइविंग लाइसेंस लूट कर फरार हो गए।
पीड़ित ने जब शोर मचाया तो लुटेरे बाइक छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। पुलिस बाइक बरामद कर कुछ लोगों को उठाकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में नोनहरा थानाध्यक्ष कमलेश प्रसाद ने बताया कि पुलिस जांच में लगी हुई है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।