शहर के लोगों को अब जाम की समस्या से परेेशान नहीं होना पड़ेगा। 35 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से रौजा ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण अंतिम चरण में है। फिनिशिंग का काम समाप्त होते ही अगले माह के प्रथम सप्ताह में आरओबी का लोकार्पण कर दिया जाएगा।
ये बातें धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र ने शनिवार को प्रशासन के साथ आरओबी का निरीक्षण करने के बाद कहीं। इस दौरान जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल ने आरओबी से सटे साइट रोड पर स्थित बिजली और टेलीफोन के खंभे हटाने का निर्देश संबंधित विभाग के अफसरों को दिया।
रेलवे ओवरब्रिज बनने के कारण आरओबी के बगल में सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में साइड रोड पर बिजली और टेलीफोन के खंभे होने के कारण साइड से आवागमन में दिक्कत हो रही है। निरीक्षण के दौरान धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र ने जिलाधिकारी से कहा कि इंजीनियरों की टीम से आरओबी की गुणवत्ता की जांच कराएं ताकि निर्धारित समय पर आरओबी का लोकार्पण किया जा सके। कहा कि जांच में गुणवत्ता और मानक में गड़बड़ी मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौेरान उनके साथ जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल, पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण, राज्य सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक, एसडीएम सदर एके सिंह आदि मौजूद थे।