बालिका दिवस के मौके पर शनिवार को जिलास्तरीय रैली निकाली गई। इसका उद्घाटन प्रदेश के वन विभाग के सचिव सुनील पांडेय एवं जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली में शामिल राजकीय बालिका इंटर कालेज और लूदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने लोगों को बेटी बचाओ, विश्व बनाओ नारे के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली में अच्छे स्लोगन लिखने वाले छह छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। जिले के चार इंटर कालेजों से वाद-विवाद प्रतियोगिता में चयनित तीन-तीन प्रतिभागियों ने भाग लिया।
लूदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कालेज की काजल वर्मा पहले, उम्मेसलमा दूसरे एवं राजकीय बालिका इंटर कालेज की साक्षी राय को तीसरा पुरस्कार मिला। आठ प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
रैली में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमपी सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसके राय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीपी सिन्हा, डा. एसपी श्रीवास्तव, माया सिंह, डा. एसएन चौहान, सीएम गोपाल आदि थे।