शहर से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित घाट स्टेशन के पास बनने वाले पेरीशेबल कार्गो केंद्र और सिटी रेलवे स्टेशन पर वाई-फाई ब्राडबैंड सेवा का शुभारंभ सोमवार को होगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसका शुभारंभ भी केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा सोमवार को दिन में 9.45 बजे करेंगे।
इस अवसर पर डीरेका और पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके हरित और रेल टेल कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आरके बहुगुणा भी मौजूद रहेंगे।
बता दें रेलवे की तरफ से जिले में कई विकास कार्य कराए जाने हैं। शहर के अफीम फैक्ट्री के पास क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान और घाट स्टेशन के पास पेरीशेबल कार्गो केंद्र का निर्माण कराया जाना है। इसमें क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान का शिलान्यास इस महीने हो चुका है अब कार्गों केन्द्र के शिलान्यास की बारी आई है। लाखों रुपये की लागत से घाट स्टेशन के पास बनने वाले इस केंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां पिछले कई दिनों से की जा रही थी जिसे आज अंतिम रूप दे दिया गया। इस केन्द्र के शिलान्यास के साथ ही यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।