जिले के अधिकारी अपने कामकाज के तरीके को बदलें। सरकार के निर्देश पर गांव-गांव में कराए जा रहे विकास कार्यक्रमों की समीक्षा एवं प्रगति रिपोर्ट को तैयार करने में लापरवाही न बरतें। अ्न्यथा संबंधित के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह बातें सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के लिए प्रस्तावित कार्य योजनाओं की प्रगति के बाबत लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश के धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र ने रविवार को कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक-एक गांव, घर, प्रत्येक मजरे एवं पुरवों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराकर उन्हें रोशन करने के लिए कृत संकल्पित हैं।
नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की ओर से निर्धारित आपूर्ति के घंटों के सापेक्ष बीच-बीच में होने वाली छोटी-छोटी कटौतियों पर उन्होंने नाराजगी प्रकट की। कहा कि शासन ने आपूर्ति के लिए जितने घंटों का निर्धारण किया है संबंधित क्षेत्रों में इसका कड़ाई के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता तृतीय रामकुमार, बिजली विभाग के अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ डा. शिवेश राय, जेपी चौरसिया, गोपालजी यादव, पिंटू तिवारी, संतोष कुशवाहा,महेंद्र यादव, राजू मिश्र, महेंद्र कुशवाहा, राजू उपाध्याय आदि मौजूद थे।