सुहवल क्षेत्र के शिवाला चट्टी पर शुक्रवार को केंद्रीय रेल राज्यमंत्री
मनोज सिन्हा का प्रथम आगमन पर स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार सभी वर्गों के विकास
के लिए कृतसंकल्प है।
गाजीपुर में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए केंद्र
सरकार से प्रदेश सरकार को 208 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। लेकिन
सरकार और विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते अभी लोगों को लाभ नहीं
मिल पा रहा है। लोगों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए उनकी तरफ से
कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ताड़ीघाट से गाजीपुर होते
हुए मऊ को रेल लाइन से जोड़ने की योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री की ओर से
किया जाएगा। वाराणसी से छपरा तक रेल मार्ग का दोहरीकरण का कार्य शुरू हो
चुका है। जल्द ही रेल मार्ग पर विद्युतीकरण का भी कार्य पूरा कराया जाएगा।
ताड़ीघाट-बारा मार्ग की बदहाली के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
जिस दिन यह सड़क केंद्र सरकार के हवाले कर दी जाएगी, उसके एक महीने के अंदर
सड़क का कायाकल्प कर दिया जाएगा। वजह दो राज्यों को जोड़ने वाली यह सड़क
काफी महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार विदेशों में जमा काला धन लाने को लेकर
गंभीर है।
सरकार किसानों के हित को लेकर बेहद गंभीर है। जिले सहित आसपास के
किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए वातानुकूलित सब्जी भंडारण केंद्र का
निर्माण कराया जाएगा। इससे किसानों को उनकी सब्जियों का उचित मूल्य मिलेगा।
विश्व व्यापार संगठन की ओर से खाद्य सुरक्षा बिल को लेकर जो दबाव बनाया
गया है,
वह दबाव सहन नहीं किया जाएगा। आमजन के हितों की अनदेखी नहीं होने
दी जाएगी। इस मौके पर कुंवर रमेश सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश राय,
नरेंद्र सिंह, परीक्षित सिंह, बाउल सिंह आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता गिरजा
प्रसाद पांडेय तथा संचालन मृत्युंजय मिश्र और ओमकारनाथ राय ने संयुक्त रूप
से किया।