भदौरा रेलवे क्रॉसिंग पर टूटा बूम - संवाद
- फोटो : सडक हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार
सेवराई। तहसील मुख्यालय को बिहार से जोड़ने वाले सेवराई-देवल मार्ग पर स्थित भदौरा रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे क्रासिंग के गेट का बूम टूटकर लटक गया। इस हादसे से एक घंटे तक सड़क यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तहसील मुख्यालय की ओर से आ रहे वाहन चालक ने लापरवाही से बंद हो रहे बूम को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। बूम क्षतिग्रस्त होने से रेलवे क्रॉसिंग पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने स्लाइडर बूम के सहारे ट्रेनों का संचालन नियंत्रित गति से कराया। प्रत्येक ट्रेन के गुजरने के बाद सीमित समय के लिए वाहनों को निकाला गया, ताकि यातायात पूरी तरह ठप न हो।
हालांकि, व्यवस्था सुचारु होने में कई घंटे लग गए। बाद में रेलवे विभाग की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर टूटे बूम की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। भदौरा स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि क्षतिग्रस्त बूम को दुरुस्त किया जा रहा है और शीघ्र ही क्रॉसिंग को पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ है। संवाद