जमानिया। स्थानीय रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार की रात के समय बाइक से बोल बम जा रहे कांवड़ियों की जल्दबाजी के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान बाइक की टक्कर से डाउन लाइन का बूम टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया।
गेटमैन संजय यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना रविवार रात की है, जिस समय गेटमैन रंजीत कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। हादसे के बाद रेल यातायात को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल वैकल्पिक इंतजाम किए गए। रात से ही डाउन लाइन पर स्लाइडर बूम के सहारे सावधानीपूर्वक ट्रेनों को पास कराया जा रहा है, ताकि रेल परिचालन बाधित न हो। घटना की जानकारी रेलवे के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और क्षतिग्रस्त बूम की मरम्मत का कार्य सोमवार की दोपहर किया जा रहा था।