संवाद न्यूज एजेंसी
रेवतीपुर। गंगा नदी पर स्थित नवनिर्मित रेल सह सड़क पुल के ऊपर एवं अंदर करीब पांच करोड़ की लागत से 494 थीम युक्त रंग बिरंगी (फ्लैश वाली) आकर्षक लाइट लगाई जाएगी। इसका डेमो ट्रायल बीते जनवरी माह में किया जा चुका है।
वजह दिसंबर में इस परियोजना के होने वाले उद्घाटन से पहले इन अत्याधुनिक लाइटों को लगाने की तैयारी है, जिसका उद्देश्य पुल से गुजरते समय ट्रेनों के संचालन में जहां किसी तरह का अवरोध न होने पाए। जब कोई इस रेल सह सड़क पुल या पास से शाम को अथवा रात के समय गुजरे तो उसे कुछ अलग महसूस हो सके।
इसके डेमो ट्रायल के दौरान आकर्षक लाइटों की रोशनी से नवनिर्मित रेल सह सड़क पुल सहित आसपास के इलाके भी जगमगा उठे थे। लाइटिंग की डिजाइन देश की बेहतर कंपनी ने की है। विभागीय अधिकारियों की माने तो पुल के एकदम उपर हिस्से पर दोनों तरफ करीब 108 लाइट, वहीं पुल के अंदर जिससे ट्रेन होकर गुजरेगी वहां करीब 386 लाइट लगाई जाएगी, जो बारह विभिन्न कलर रोशनी विखेरेगी।
आरवीएनएल ( इलेक्ट्रिक विभाग) के जीएम पीयूष कुमार ने बताया कि इन आधुनिक लाइटों को लगाने का काम दिसंबर में उद्घाटन से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।