दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष तथा भाजपा सांसद मनोज तिवारी रविवार को बीजेपी के उम्मीदवार विद्यासागर सोनकर के पक्ष में रोड शो किया। इसके साथ ही नगर के पक्काघाट में जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान कहा कि प्रदेश में जातिवादी तथा परिवारवादी सरकार काम कर रही थी।
अपराधियों के खिलाफ काम करने से सपा सरकार ने प्रशासन के हाथ बांध दिए हैं। दुराचार के आरोपी मंत्री को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में किसान बदहाल है। थानों में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तथा थानेदारों की नियुक्ति जाति पूछकर की जाती रही है। 14 साल के सपा और बसपा के शासन काल में प्रदेश का विकास बाधित हो गया।
कहा कि सपा सरकार विकास कुछ जिले तथा जातियों तक ही सिमट कर रह गया है। बसपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि पार्क तथा प्रतिमा तक विकास कार्यों को सीमित रखने वाली बसपा ने अंसारी बंधुओं को अपने दल में शामिल कर अपना असली चेहरा जनता के सामने लाने का काम किया है।
कहा कि अखिलेश यादव प्रदेश के 73 सांसदों द्वारा किए गए विकास कार्यों की सूची सामने लाएं और खुली बहस करें। कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आई तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सूबे में विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
उत्तर प्रदेश में किसान बदहाल है। किसानों की कर्जमाफी तथा न्यूनतम ब्याज पर कर्ज देने का काम होगा। कृषि के क्षेत्र में बेहतर काम होंगे। भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आते ही टैक्स का बोझ कम किया जाएगा। रोजगार के नए अवसर बनाकर प्रदेश के युवाओं को रोजगार देकर बेरोजगारी से मुक्त किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य रूप से ओमकार मिश्रा, अविनाश बरनवाल, डा. मुकेश सिंह, नवीन अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल, इरफान अजीज, विकास बरनवाल, बद्री शर्मा, सुनील कमला पूरी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता प्रहलाद दास जायसवाल ने किया तथा संचालन पंकज अग्रवाल ने किया।