समाजवादी एक्सप्रेस-वे का विरोध अखिल भारतीय किसान सभा हर तरह से करेगी। प्रदेश सरकार खस्ताहाल सड़कों का निर्माण न करके छोटे-छोटे किसानों की भूमि एक्सप्रेस-वे के नाम पर बर्बाद करने पर तुली हुई है। एक्सप्रेस-वे का निर्माण किसान सभा हर हाल में रोकेगी। उक्त बातें प्रदेश महामंत्री पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह यादव ने मंगलवार को स्थानीय ब्लाक में आयोजित बैठक में कहीं। इसके बाद किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने ब्लाक सभागार से जुलूस निकालकर स्थानीय चौक पर एक्सप्रेस-वे निर्माण के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।
इस मौके पूर्व विधायक और प्रदेश महामंत्री ने कहा कि नंदगंज की चीनी मिल अब तक चालू नहीं कराई गई। फसल बीमा का पैसा किसानों में अब तक वितरित नहीं किया गया। वहीं नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों को सिंचाई के लिए दिक्कत उठानी पड़ रही है। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 14 घंटे बिजली आपूर्ति के नाम पर 4 से 5 घंटे ही आपूर्ति कर रही है। ब्लाक कार्यालय में मनरेगा जैसी विकास योजनाओं पर भारी-भरक कमीशन लिया जा रहा है।
इन सभी समस्याओं को लेकर किसान सभा चुप नहीं बैठेगी। इसी क्रम में 25 अगस्त को सरजू पांडेय पार्क में अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक जयराम सिंह, जिला संयोजक प्रो. केएन सिंह, सुरेंद्र राम, महेंद्र सिंह, राजदेव यादव, सुरेंद्र यादव, भोला खा, सुदामा यादव, जयप्रकाश यादव, गुड्डू राय, संजय राम आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता अशोक मिश्रा और संचालन प्रेमनारायण पांडेय ने किया।