मरदह। मरदह बस स्टैंड से स्थानीय बाजार होकर कासिमाबाद मार्ग पर कार्यदायी संस्था की ओर से अंडर पास न देने पर ग्रामीणों ने डा. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। कहा कि लगातार मांग के बाद भी विभागीय अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन किया जाएगा। निर्माणाधीन वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर मरदह बाजार में आने-जाने के लिए अंडरपास न बनाए जाने से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने भाजपा नेता नागेंद्रनाथ सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। नागेंद्रनाथ सिंह ने बताया कि फोरलेन चौड़ीकरण का काम मनमाने ढंग से किया जा रहा है। पक्का और मिट्टी का काम एक साथ चल रहा है। मिट्टी कार्य के समय टैंकर से पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से धूल उड़ रही है। इससे बरही, महेंगवा, मरदह, कंसहरी, करदह कैथवली, हैदरगंज, मटेहू के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। कहा कि जरूरत है कार्यदायी संस्था पानी का छिड़काव नियमित करे। पक्के निर्माण कार्य में इसका ख्याल रखा जाए कि लोगों को कम से कम असुविधा हो। एक घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीण स्वयं हट गए।
इस दौरान धर्मचंद दास, दिनेश चौरसिया, पद्माकर पांडेय, मोहन गुप्ता, नागेंद्रनाथ सिंह, बब्बन चौहान, लल्लन चौहान, नान्हू चौरसिया, टिंटू मद्धेशिया सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।