गाजीपुर। नगर पालिका परिषद की ओर से बुधवार से छह दिन तक चलने वाले सैनिटाइजेशन के चौथे चरण के कार्यक्रम की शुरुआत नगर के पश्चिमी एवं पूर्वी क्षेत्रों के चार वार्डों से शुरू की गई। रोजाना चार-चार वार्डों का सैनिटाइजेशन किया जाएगा। बुधवार को पवहारी बाबा, जयप्रकाश नगर, उर्दूबाजार एवं नवाबगंज वार्डों में वहां के सभासद एवं प्रतिनिधियों दिग्विजय पासवान, अशोक मौर्या, हरिलाल गुप्ता एवं अनिल वर्मा की निगरानी में हुई। नगर पालिका के अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल ने बताया कि पालिका पूरी मुस्तैदी से शहर में सफाई, सेनेटाइजेशन, फागिंग करा रही है। शहर में दो स्प्रेयुक्त टैंकरों से शहर के मुख्य मार्गों को सेनिटाइज किया जा रहा है। चौथे चरण में प्रतिदिन चार-चार वार्डों में हाथ वाली मशीनों से घर-घर, गली-गली अभियान चल रहा है। इसके अतिरिक्त बैकुंठ धाम श्मशान घाट को भी सेनिटाइज किया जा रहा है। उन्होंने एवं अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज ने लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का पालन की है।