सुहवल। शनिवार को देर रात आई आंधी और बारिश के बाद ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 20 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
सुहवल, ताड़ीघाट और पकड़ी फीडरों की 11 हजार वोल्ट लाइन में तकनीकी खराबी आने से बिजली गुल हो गई, लेकिन रविवार सुबह तक पांच घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद विभाग फॉल्ट का पता नहीं लगा सका। इससे उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बिजली आपूर्ति ठप रहने से पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों की मुश्किलें बढ़ गईं। पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और धान की रोपाई जैसे दैनिक कार्य भी प्रभावित रहे।
ग्रामीण आशुतोष, मन्नौवर, अभिषेक, राधेश्याम, मुन्ना और सोनू ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण घंटों तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।
अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि फॉल्ट का पता लगाने के लिए विद्युत कर्मियों को लगाया गया है। तकनीकी खराबी दूर होते ही सुहवल, ताड़ीघाट और पकड़ी फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।