शहर के गोराबाजार स्थित महादेवा मंदिर घाट पर गंगा मुक्ति एवं प्रदूषण विरोधी अभियान के तहत उपवास प?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। गंगा मुक्ति एवं प्रदूषण विरोधी अभियान (राष्ट्रीय) के राष्ट्रीय प्रभारी रमाशंकर तिवारी ने कहा कि राजनैतिक प्रदूषण के कारण ही गंगा प्रदूषण को बढ़ावा मिल रहा है। दुनिया की कोई भी तकनीक उत्तराखंड के टिहरी बांध से गंगा को मुक्त किए बिना गंगा प्रदूषण को दूर नहीं कर सकती। यह बातें उन्होंने जिले के महादेवा गंगाघाट पर पतित पावनी की अविरलता के लिए एक दिनी उपवास के दौरान सोमवार को कही।
इस अवसर पर श्री तिवारी ने कहा कि गाजीपुर में नमामि गंगे योजना पूरी तरह असफल है। आधा दर्जन नाले गंगा में आज भी गिर रहे हैं। नवंबर से जून तक प्रदेश के मैदानी इलाके में गंगा सूखने लगती है। कागजी कसरत से गंगा साफ नहीं होगी। बताया कि केंद्र सरकार ने अब तक 3867 करोड़ रुपये गंगा सफाई पर खर्च किया है। प्रकृति की प्रमुख संरक्षिका गंगा न्याय के आंगन में अपने जीवन की कामना के लिए तरस रही है। दिल्ली तथा देहरादून को बिजली देने के लिए साठ प्रतिशत गंगाजल टिहरी जलाशय में कैद कर दिया गया है। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत गंगा पूजन तथा युवाओं में गंगा के दर्द की जानकारी की पर्ची वितरित कर की गई। इस अवसर पर शुभम चौबे, सीताराम तिवारी, आकाश यादव, राकेश कुशवाहा, मंगल शर्मा, अनिल शर्मा, विनोद, श्यामसुंदर प्रसाद, सौरभ कुशवाहा आदि उपस्थित थे।