पुलिस बस और बज्र वाहन भिड़े, दो की मौत
कठवामोड़-रसड़ा मार्ग स्थित महरौड़ गांव के पास पुलिस बस और बज्र वाहन के आमने-सामने की भिड़ंत में चालक और दीवान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बज्र वाहन में सवार एक कैदी सहित नौ सिपाही जख्मी हो गए। घायल पुलिस कर्मियों को जिला अस्पातल में भर्ती कराया गया है। घटना शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे की है। घटना की खबर मिलते के बाद पुलिस कप्तान रामकिशोर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का जायजा लिया।
घायल पुलिस कर्मियों को एंबुलेंस तथा निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के करीब साढ़े तीन घंटे बाद डीआईजी वाराणसी डा. , एसपी सिटी केसी गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और एक-एक सिपाहियों से मुलाकात की।शनिवार की सुबह जिला जेल में बंद लूट के आरोपी राजेश कुमार यादव को देवरिया की कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस टीम बज्र वाहन से लेकर जा रही थी। जबकि बलिया से पुलिस बस में सवार रंगरूट चंदौली जा रहे थे।
दोनों वाहन महरौड़ गांव के पास अभी पहुंचे ही थे कि पुलिस बस की स्टेयरिंग फेल हो गई और सामने से आ रहे ब्रज वाहन से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बज्र वाहन के चालक अच्छेलाल (54) निवासी पियरा हैदरपुर थाना नगरा बलिया और दीवान इंद्रदेव उपाध्याय (30) निवासी काशीपुर थाना अदलहट जिला मीरजापुर की मौत हो गई।
जबकि सड़क हादसे में ब्रज वाहन में सवार राहुल मिश्र (24) निवासी ममफोरडगंज- इलाहाबाद, राजेश कुमार (23) निवासी पटेहरा हलिया-मीरजापुर गंभीर रूप से चुटहिल हो गए। इसके साथ ही रंगरूटों के पुलिस बस में सवार सिपाही विष्णु प्रताप यादव (24) कानपुर नगर, कुलदीप कुमार सरोज (25) निवासी दरियापुर पावर हाउस-प्रतापगढ़, सोधियान सिद्दकी (23) निवासी पटवारा-रायबरेली, लोकेश पटेल (24) निवासी अमसवना-प्रतापगढ़, दुर्गेश कुमार (22) निवासी पूरेअजमेर सिंह थाना लालगंज रायबरेली, विरेंद्र कुमार पाल (23) निवासी गदवां-इलाहाबाद, अनुराग मिश्रा (21) निवासी होरीपुर नवली -प्रतापगढ़, जितेंद्र कुमार (22) थाना शिबलहां-फतेहपुर, अली अहमद (22) निवासी बगहीं मदूल- देवरिया आदि शामिल हैं। घायल कैदी राजेश कुमार यादव(35) निवासी भलुअनी-देवरिया का रहने वाला है।
मौके पर पुलिस कप्तान रामकिशोर सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। कहा कि पुलिस बस का स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ है। मृतकों के परिजनों को विभाग एवं शासन स्तर से आर्थिक सहायता मुहैया कराया जाएगा।