जमानिया नगर के सतुवानी घाट के पास विवादित जमीन पर एक प्रतिमा रखकर पूजन-अर्चन के दौरान शांति भंग की आशंका एवं विवादित स्थल पर पूजा कोई न करे इसको देखते हुए सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही।
मालूम हो कि छह मई को मनोनीत सभासद जयप्रकाश गुप्ता ने न्यायालय में विचाराधीन विवादित जमीन पर अनाधिकृत तौर पर एक मूर्ति रखने की तैयारी सहित पूजा आदि करने की आशंका जताई थी। इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन पूर्व से ही सक्रिय है। बुद्ध पूर्णिमा के दिन बड़ी संख्या में पुलिस शिव मंदिर परिसर पर सुबह से ही मौजूद रही। इस दौरान पुलिस ने किसी को विवादित स्थल के पास फोटो मूर्ति आदि लगाकर पूजा करने की अनुमति नहीं थी। पूजा करने आए श्रद्धालुओं का कहना है कि पूजन-अर्चन में बाधा पहुंचाना ठीक नहीं है। क्षेत्र में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजन-अर्चन किया। प्रशासन की ओर से कड़ी व्यवस्था की गई थी। पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं पर नजर बनाए हुए थे। पिंटू मौर्य का कहना है कि भूमि को विवादित बनाया जा रहा है जबकि यह एक निजी काश्तकारी की भूमि है जो सरकारी अभिलेखों में दर्ज है। बावजूद इसके विवाद पैदा किया जा रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पूर्व में एसडीएम को मनोनीत सभासद द्वारा विवादित स्थल पर मूर्ति रखकर पूजा आदि करने सहित विवाद होने की आशंका जताई गई थी। इसको ध्यान में रखते हुए शांति व्यवस्था के लिए पुलिस मौजूद रही। सब शांतिपूर्ण ढंग से बीत गया किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई।