गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र के कटया चट्टी पर शनिवार की देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस एवं एसओजी की टीम ने कार सवार दो तस्करों को धर-दबोचा। उनके पास से 59 किलो गांजा बरामद किया है। साथ ही चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रांत से गांजा लाकर क्षेत्र में बिक्री करने का काम करते हैं। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।
स्थानीय पुलिस एवं एसओजी की टीम रात में कटया चट्टी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई पड़ी। जब पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया गया तो चालक वाहन पीछे मोड़कर भागने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस ने घेर कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में बहरियाबाद थाना क्षेत्र के उकराव गांव निवासी राहुल यादव और सैदपुर कोतवाली भीमापार निवासी बनारसी उर्फ भगेलू यादव बताया। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिग्गी में दो बोरियों में रखा 21 बंडल कुल 59 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
तस्करों ने पुलिस को बताया कि गांजा उड़ीसा एवं छत्तीसगढ़ से सस्ते दाम पर लाकर क्षेत्र में अधिक कीमत पर फुटकर में इधर-उधर बेचने का काम करते हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ दोनों का चालान कर दिया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि दोनों तस्करों से पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया है।