गाजीपुर। जिला उद्योग व व्यापार बंधु की बैठक बृहस्पतिवार को राइफल क्लब में हुई। डीएम आर्यका अखौरी के समक्ष सचिव/उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के अधिकारियों ने समिति को अवगत कि सुखदेवपुर चौराहा से गाजीपुर घाट मार्ग पर इंटरलाकिंग व पटरी के कार्य में सुधार की आवश्यकता है। यह कार्य एक महीने में हो जाएगा। लेकिन, कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। वहीं जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बैठक में उपस्थित न होने पर अधिशासी अभियंता निर्माण खंड प्रथम संतोष कुमार, व सहायक अभियंता रामवीर सिंह का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में वीर अब्दुल शहीद सेतु पर खराब स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया गया। डीएम की ओर से परियोजना निदेशक एनएचएआई वाराणसी प्रवीण कटियार को निर्देश दिया गया कि अपने प्रतिनिधि को बैठक में प्रतिभाग करने का निर्देश दें। लाइट का कार्य जल्द कराया जाए। बताया गया कि मेदनीपुर में परिवहन मंत्रालय का ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बन रहा है, जिसमें एक पोल को थोड़ा से हटाकर लगाना है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड चतुर्थ जमानिया की ओर से कहा गया कि दो दिन में खंभा का कार्य हो जाएगा। बताया गया कि बजुर्गा में ईंट भट्ठा इकाई के पास शराब व ताड़ी की दुकान है। मांग की गई कि ताड़ी की अवैध बिक्री रोकी जाए। आबकारी अधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया कि ताड़ी की अवैध बिक्री को लेकर दबिश दी जाएगी। लघु उद्योग भारतीय के संरक्षक एके दूबे ने बताया कि मुगलानीचक में मेरा निजी भूखंड है, जिसमें औद्योगिक इकाई स्थापित किया जाना है। लेकिन, बगल से जा रहे नाला के अवरूद्ध होने के कारण भूखंड में जल जमाव हो जाता है। इसके लिए नगर पालिका ईओ को निर्देशित किया गया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, एसपी सिटी ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर सुधाकर पांडेय आदि मौजूद रहे।