दिलदारनगर बाजार के इंदिरा नगर चूड़ी गली स्थित घटना स्थल पर लगी लोगों की भीड़। संवाद
गाजीपुर। दिलदारनगर बाजार के वार्ड नंबर 9 स्थित इंदिरा नगर चूड़ी गली में बृहस्पतिवार को दोपहर साढ़े 12 बजे टिन शेड से बने अहाते में मौजूद गोदाम में आग लग गई। इसमें फार्मासिस्ट अंकित मिश्रा (35) की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के समय वह बाथरूम में थे और बाहर निकल नहीं पाए। हादसे में लाखों रुपये का सामान भी नष्ट हो गया। आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि अंकित मिश्रा आरंगी गांव के रहने वाले थे। वह दिलदारनगर में किराये के मकान में मेडिकल स्टोर चलाते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ करने का मौका ही नहीं मिला।
आसपास के लोगों ने सबमर्सिबल पंप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने काफी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग बुझाई।