गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन पर वाहनों की पार्किंग बड़ी समस्या हो गई है। बाहर वाहन खड़ा करने वालों पर आरपीएफ कार्रवाई कर रही है।। ऐसे में अपने परिजनों को छोड़ने या लाने जाने वालों के लिए परेशानी खड़ी हो रही है। इस स्थिति में वाहन चालक और आरपीएफ के बीच लगातार नोकझोंक की स्थिति बना रहती है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि सिटी स्टेशन के बाहर पहले पार्किंग की व्यवस्था थी। एक महीने पहले ही पार्किंग के ठेके की मियाद पूरी हो गई थी। अब नए सिरे से टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में पार्किंग की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। दूसरी ओर, सिटी रेलवे स्टेशन से हजारों लोग सुबह व शाम अप-डाउन करते हैं। ये लोग अपने वाहन स्टेशन परिसर से दूर भगवान भरोसे छोड़ने को मजबूर हैं। कई बार सड़कों पर ही वाहनों का तांता लग जा रहा है। जिससे स्टेशन के आस-पास सड़कें और सकरी हो जा रही है। जिससे आए दिन जाम की बड़ी समस्या पैदा हो गई है।