सेवराई। नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही ब्रह्मपुत्र मेल में शुक्रवार को एक यात्री पर सीट के लिए एक हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग गया। ट्रेन के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद जीआरपी और आरपीएफ घायल यात्री को उतारकर भदौरा सीएचसी पर भर्ती कराया।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राणा ने बताया कि बिहार प्रांत के भागलपुर जनपद के कजरेली थाना क्षेत्र स्थित बेलसिरा गांव निवासी आशीष कुमार (25) साथी विशाल, संजीव और खुशबू के साथ दिल्ली से ब्रह्मपुत्र मेल से गांव लौट रहे थे। ट्रेन जैसे ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची, उसी दौरान सीट को लेकर एक यात्री पहुंचा और कहासुनी करने लगा।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने यात्री आशीष पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, जबतक यात्री उसे पकड़ते हमलावर चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। ट्रेन के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ टीम ने घायल यात्री को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।