गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को जिले के विभिन्न ब्लॉकों में चुनावी समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। इसमें चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं से व्यापक संपर्क, निरंतर संवाद तथा संगठनात्मक समन्वय के साथ चुनाव अभियान को गति देने पर जोर दिया गया।
जिला कार्यालय पर हुई बैठक में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह चुनाव को संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
प्रत्येक कार्यकर्ता स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा और प्रत्याशियों के पक्ष को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संयोजक अच्छेलाल गुप्ता तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के संयोजक रासबिहारी राय ने भी चुनावी तैयारियों और मतदाताओं से संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने के संबंध में विचार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सुरेश बिंद, काशी चौहान, गोपाल राय, अमरेश गुप्ता, बिट्टू सिंह, मुरली कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के जिला संयोजक प्रवीण कुमार सिंह ने पियरी पंचायत भवन के सभागार, सैदपुर विधानसभा स्थित भाजपा कार्यालय तथा सादात ब्लॉक के शिशुआपार स्थित एक प्रशिक्षण संस्थान में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठकों में जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, शीला सोनकर, अटल सिंह, संतोष चौहान, पूनम मौर्या, शैलेश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।