गाजीपुर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वाराणसी जोन पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। दो घंटे के अभियान में जोन के नौ जिलों में 34,355 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 9,988 और दोपहिया पर तीन सवारी बैठाकर चलने पर 2,779 चालान किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले 188 वाहनों को सीज करने के साथ 22 लाख 85 हजार 700 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने बताया कि सोमवार शाम चार से छह बजे तक यह अभियान चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत गाजीपुर में 2,932 वाहनों की जांच की गई। बिना हेलमेट चलने पर 520 और तीन सवारी बैठाने पर 168 चालान किए गए।
24 वाहनों को सीज करने के साथ 26 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, वाराणसी परिक्षेत्र के चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर में कुल 11,966 वाहनों की जांच कर 3,950 बिना हेलमेट और 708 तीन सवारी के चालान किए गए। इस परिक्षेत्र में 86 वाहन सीज किए गए।