गाजीपुर। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने बुधवार को लंबित वेतन और अन्य मांगों को पूरा करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। करीब 400 कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नौ माह से वेतन भुगतान न होने का मुद्दा उठाया।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी नियुक्ति 2018 से सिलिकॉन बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से की गई है, लेकिन पिछले नौ महीनों से वेतन नहीं मिला है।
इस कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि 30 मार्च को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के बाद भू-राजस्व अधिकारी आयुश चौधरी ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि प्रदर्शन में शामिल कर्मचारी सफाई कर्मी, वार्ड बॉय, चपरासी, मल्टी पर्पज स्टाफ, ट्रॉमा सेंटर, सीएचसी और पीएचसी में तैनात हैं। इस दौरान गोपाल, राजेश, रंजीत, सोनू कुमार रावत, जगनारायण सिंह, रीता देवी, प्रियंका और अनिल कुमार बिंद समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।