जखनिया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से मंगलवार को विकासखंड में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने एडीओ समाज कल्याण जखनिया के कार्य में लापरवाही पाये जाने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से गठित स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़े सभी पात्र सदस्यों का योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनका चिन्हांकन कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें लाभान्वित किया जाए। संवाद