ग्राम प्रधान व सदस्यों के लिए हुए चुनाव के बाद 13 दिसंबर को मतगणना की तैयारियां की जा रही हैं। रेवतीपुर के मतगणना स्थल नेहरू विद्यापीठ इंटर कालेज के परिसर में शुक्रवार को मतगणनाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस
दौरान उन्हें बताया गया कि वे प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं के सामने मतपेटिकाएं खोलें ताकि किसी को संदेह न हो। प्रशिक्षण देते हुये रिटर्निंग आफिसर बृजेश सिंह ने कहा कि मतगणना पूरी तरह से निष्पक्षता की जानी चाहिए।
किसी तरह के भेदभाव की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एजेंट और प्रत्याशियों के सामने मतपेटिकाएं खोली जाएं, जिससे किसी तरह का संदेह न हो। विवाद की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल दी जाए
ताकि उसका समय से समाधान हो सके। मतगणना के दिन समय से अपने-अपने टेबलों पर आकर कार्यों को शुरू करना होगा। प्रशिक्षण में कुल 410 कर्मचारी और 11 एआरओ उपस्थित रहे प्रशिक्षण में मुख्य रूप से सहायक आयुक्त
निबन्धक आरआर विश्वकर्मा, खंड विकास अधिकारी धनंजय सिंह, अवध बिहारी सिंह, गुरूशरण श्रीवास्तव, कौशल कुमार मिश्रा, महेन्द्र उपाध्याय, मनीष तिवारी आदि उपस्थित रहे।