शहर कोतवाली पुलिस ने भुतहिया टांड़ के पास शनिवार की देर रात एक बोलेरो से तीन ड्रम ओपी बरामद किया। इस दौरान चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। बरामद ओपी की कीमत छह लाख रुपये बताई गई है।
प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली केके मिश्र को सूचना मिली कि एक बोलेरो में भारी मात्रा में शराब बनाने का केमिकल ओपी कहीं ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। गोरा बाजार चौकी इंचार्ज राजेश त्रिपाठी पुलिस कर्मियों के साथ भुतहिया टांड़ के पास पहुंच गए। इसके बाद वाहनों की जांच करने लगे।
इसी बीच सड़क किनारे एक बोलेरो खड़ी थी। पुलिस कर्मी वहां पहुंचे तो देखा कि गाड़ी में कोई नहीं था और पीछे की सीट की जगह ड्रम रखे थे। उसमें ओपी भरा था। पुलिस बोलेरो को कोतवाली ले आई। तीन ड्रम में तीन सौ लीटर ओपी बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक केके मिश्र ने बताया कि पुलिस वाहन स्वामी की तलाश कर रही है। ओपी कहां से कहां जा रहा था, इसकी पड़चाल की जा रही है। बरामद ओपी शराब बनाने के काम आता है। होली में इसका प्रयोग किए जाने की संभावना प्रतीत हो रही है।