मृतक आरपी राजभर का फाइल फोटो-स्रोत-परिजन
- फोटो : रायबरेली में बछरावां थाना में डंपर मालिक और एआरटीओ से होती बहस।
बिरनो/भड़सर। बिरनो थाना क्षेत्र के ढेबुआ चट्टी पर शहीद गेट पास शुक्रवार को स्टंट के चक्कर में दो बाइक की टक्कर में आरपी राजभर (19) की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों ने दो घायलों को वाराणसी और आजमगढ़ इलाज के लिए रेफर कर दिया। चारों हाईस्कूल की परीक्षा देकर घर आने के बजाए बद्दूपूर हनुमान मंदिर दर्शन-पूजन करने जा रहे थे। थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि भागमलपुर निवासी अमन राजभर (16), सतीश राजभर (16) और अभिषेक राजभर (17) और दुल्लहपुर थाना के सिखड़ी (बखारीपुर) आरपी राजभर (19) मनिहारी के यूसुफपुर स्थित खाकी बाबा सिद्धार्थ इंटर कॉलेज से हाईस्कूल गणित का पेपर देकर दो बाइकों से घर लौट रहे थे।
घर जाने के बजाए चारों बद्दूपूर हनुमान मंदिर दर्शन के लिए निकल गए। ढेबुआ चट्टी के पास तेज रफ्तार और स्टंट के चक्कर में दोनों बाइक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस से बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने आरपी राजभर को मृत घोषित कर दिया।
आरपी राजभर बचपन से ही भागमलपुर स्थित अपने फूफा रामसूरत राजभर के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गाजीपुर रेफर कर दिया गया, जहां अमन राजभर को वाराणसी और अभिषेक राजभर को आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का उपचार चल रहा है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद