जनपद न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। लोक अदालत में 116186 मामले निस्तारण के लिए तय किए गए थे। सुलह-समझौते के आधार पर 106152 वाद का निस्तारण किया गया। इसमें राजस्व विभाग व विभिन्न न्यायालयों के 32192 तथा अन्य विभागों के 73960 मामले निस्तारित किए गए।
प्रभारी जनपद न्यायाधीश (अपर जिला जज प्रथम) शक्ति सिंह ने कहा कि लोक अदालत वर्षों से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण का एक अत्यंत महत्वपूर्ण साधन है।
छोटे प्रकरणों में अनावश्यक रूप से मुकदमेबाजी के कारण पक्षकारों के बीच वैमन्यस्ता विद्यमान रहती है। इसको दूर करके सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में लोक अदालत अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इसके पहले लोक अदालत का शुभारंभ पीठासीन अधिकारी एमएसीटी संजय हरि शुक्ला व प्रभारी जनपद न्यायाधीश शक्ति सिंह अपर जिला जज प्रथम ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। वहीं पेंशन शिविर का भी आयोजन किया गया।