शहर के गोराबाजार स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
गाजीपुर। प्रदेश की राज्य मंत्री (ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास) विजय लक्ष्मी गौतम ने रविवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
बैठक में क्षेत्रीय ग्रामीण विकास संस्थान की जर्जर भवन की शिकायत सामने आने पर राज्यमंत्री ने प्रधानाचार्य को फटकार लगाई और भवन को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों की खराब स्थिति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्राम विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और मनरेगा के कार्यों की प्रगति पर भी असंतोष जताया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मनरेगा के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार दिया जाए और किसी भी कार्य में ठेकेदारों से काम न लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में सीडीओ संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, डीसी मनरेगा सहित सभी अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।