गाजीपुर के गौसिया मस्जिद के मौलवी रूमान खान के नाम से बने फेसबुक आईडी से अश्लील चित्र व वीडियो पोस्ट करने का मामला सामने आया था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर चलाने वाले शख्स को गाजीपुर पुलिस ने धर दबोचा है। गहमर पुलिस और साइबर सेल के संयुक्त प्रयास से युवक की गिरफ्तारी है। मालूम हो कि गहमर थाना क्षेत्र के बारा गांव के गौसिया मस्जिद के मौलवी रूमान खान ने बीते 8 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को एक प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उनके नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी चलाने और आईडी से अश्लील चित्र व वीडियो पोस्ट करने का मामला सामने आया था।
विज्ञापन
पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करते हुए इसकी जांच शुरू कर दी। जांच के बाद पाया कि उक्त आईडी का संचालन थाना क्षेत्र के बारा गांव से हो रहा है। पुलिस ने जांच कर बारा गांव निवासी दानिश खान पुत्र इफ्तेखार खान मोहल्ला मस्तान बाग को गुरुवार सुबह घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नेपाल से एक सिम कार्ड लेकर उसने फेसबुक आईडी बनाई और उस पर आपत्तिजनक फ़ोटो और वीडियो पोस्ट करने लगा। बताया कि भारत आने के बाद अपने मोबाइल से नेट कनेक्ट कर वह यह कार्य करता रहा था।