गाजीपुर जिले की जमानिया कोतवाली में तैनात दरोगा के घूस मांगने का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ कि इसके दूसरे ही दिन मरदह थाने के एक दरोगा द्वारा पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आडियो वायरल होने लगा। थाने में तैनात दरोगा नोनरा गांव के प्रकरण की विवेचना कर रहे हैं। उस विवेचना में पांच लाख रुपये देने पर पूरे मामले को रफा-दफा करने की बात कही है। इसका ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वह मुकदमे को रफा-दफा करने के नाम पर दूसरे पक्ष से पांच लाख रुपये रिश्वत की डिमांड कर रहे हैं। इतना ही नहीं दूसरे पक्ष के बब्बन सिंह को मुकदमे की गोपनीय जानकारी भी दी जा रही है। मुकदमे के मुल्जिमों का नाम तक बताया जा रहा हैं। यह दरोगा मरदह थाने में दो बार हेड मोहर्रिर भी रह चुके हैं।
बीते दिनों थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के ऊपर दबाव बनाकर छेड़खानी के मामले में सुलह करा दी गई और आरोपित से धन उगाही का मामला जब थानाध्यक्ष शरदचंद्र त्रिपाठी के पास पहुंचा तो महिला की रिपोर्ट दर्ज की गई। सीओ कासिमाबाद महबूब अली ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।