मतदाता सूची से मृत, डबल एवं शिफ्टेड मतदाताओं का नाम हटाने के लिए तहसील स्तर पर कार्य तेज कर दिया गया है। मृतक के परिजनों को नोटिस भेज कर इसकी जानकारी भी दी जा रही है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तहसील स्तर पर तैयारी जोरों पर चल रही है। स्थानीय तहसील के निर्वाचन कार्यालय की ओर से मृत, डबल एवं शिफ्टेड मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए संबंधित बूथों के बीएलओ एवं सुपरवाइजर की ओर से प्रतिदिन फार्म-सात भरकर तहसील के निर्वाचन कार्यालय पर जमा किया जा रहा है। इसके बाद निर्वाचन कार्यालय की ओर से रजिस्टर्ड डाक की सहायता से परिजनों को मतदाता सूची से मृत, डबल एवं शिफ्टेड का नाम काटे जाने की नोटिस भेजी जा रही है। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दावे-आपत्ति की तिथि पांच दिसंबर तक निर्धारित है। इसके बाद प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कार्य किया जा रहा है। तहसील निर्वाचन कार्यालय से अब तक करीब दो हजार लोगों को नोटिस भेजा जा चुका है।