सैदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर लगी लोगों की भीड़। संवाद
गाजीपुर। जनपद के चार पेट्रोल पंपों पर मंगलवार को पेट्रोल नहीं होने का बोर्ड टंगा नजर आया। पेट्रोल पंपों के ड्राई होने के कारण 10 हजार लोग गर्मी में तेल के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। 41 डिग्री सेल्सियस के पारे में उन्हें सूझ नहीं रहा था कि आखिर वह क्या करें। उधर, जिला पूर्ति विभाग का दावा है कि जनपद में पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन ड्राई पेट्रोल पंप विभाग के दावे की पोल खोल रहे हैं।
खानपुर : इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप भुजहुवा में पेट्रोल नदारद नजर आया। इसके कारण लोगों को खासी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। पेट्रोल पंप के संचालक हरिवंश सिंह ने बताया कि आज केवल डीजल दिया जा रहा है। पेट्रोल खत्म हो गया है। औड़िहार : नसीरपुर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं है का बोर्ड टंगा हुआ नजर आया। इसके कारण लोगों को आठ से 10 किलोमीटर दूर जाकर दूसरे पेट्रोल पंपों का सहारा लेना पड़ा। वहीं इसका असर सैदपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर नजर आया। संचालक प्रहलाद जायसवाल ने बताया कि आसपास के पेट्रोल पंपों पर अगर आपूर्ति नहीं हो पाती है, तो हमारे यहां दोगुने ग्राहक आ जाते हैं। मेरे पास तेल का स्टॉक बहुत कम है और भीड़ काफी ज्यादा है। शाम तक तेल खत्म हो जाएगा। पहले एक दिन में जितने लोग आते थे, अब उसके दोगुने लोग आ रहे हैं। सैदपुर : नगर में स्थित दोनों पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने के लिए लोग तरसते रहे। पेट्रोल पंप के मालिकों ने रिजर्व कोटे का ही पेट्रोल उपलब्ध होने की बात कह कर चार पहिया व दो पहिया वाहनों को तेल के लिए नकार दिया है। पेट्रोल पंप मालिक विनीत कुमार बब्बी ने बताया कि पेट्रोल पंप की गाड़ी आते ही पेट्रोल वितरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जिन पेट्रोल पंपों के ड्राई होने की बात सामने आ रही है, वहां के सेल्स मैनेजरों से बात करके आपूर्ति कराई जाएगी। वैसे जिले में पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है। - अनंत प्रताप सिंह, डीएसओ
सैदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर लगी लोगों की भीड़। संवाद
सैदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर लगी लोगों की भीड़। संवाद