जिले में मिशन इन्द्रधनुष की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को राइफल क्लब में टास्क फोर्स की बैठक अपर जिलाधिकारी मुरलीधर मिश्र की अध्यक्षता में हुई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार के इस मिशन का उद्देश्य छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण करना है। मिशन इंद्रधनुष योजना के दूसरे चरण में जिले का चयन किया गया है। इसके तहत जिले के 16 ब्लाकों सहित मलिन बस्तियों एवं ईंट भट्ठों पर रहने वाले शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को टीके लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन इंद्रधनुष बच्चों की रक्षा बीमारियों से करेगा। यह मिशन 7 अक्तूबर, 4 नवंबर, 7 दिसंबर और 7 जनवरी को पूरे जिले में आयोजित की जाएगी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसके राय ने कहा कि जिले के जिन क्षेत्रों में टीकाकरण कम हुआ है उसे चिह्नित करने का काम किया जाएगा। इस योजना की शुरुआत अक्तूबर माह में 7 तारीख से पूरे जिले में किया जाएगा।
चार माह तक चलने वाले इस मिशन के तहत बच्चों को बुधवार एवं शनिवार को टीका लगाया जाएगा। इसके तहत बच्चों को बीसीजी, डीपीटी, हेपेटाइटिस, खसरा, दिमागी बुखार का टीका लगाया जाएगा और विटामिन ए का घोल भी बच्चों को पिलाया जाएगा। टीका लगाने में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा। इस अवसर पर सदर एसडीएम नेहा प्रकाश, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरके सिन्हा, रोटेरियन एसपी श्रीवास्तव, अमित राय, राघवेंद्र कुमार सिंह, डीपीआरओ एमपी दूबे, जिला विद्यालय निरीक्षक हृदय राम आजाद, डीडीओ आरके पांडेय आदि मौजूद रहे।