जिले में सोमवार को नौ कोरोना संक्रमित मरीज मिले, जिन्हें होम आईसोलेट किया गया। वहीं 34 संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए। ऐसे में सक्रिय मरीजों की संख्या 494 पहुंच गई है। जबकि एक हजार किशोरों को टीका लगाया गया। वहीं 81 किशोरों को दूसरी डोज लगी। 685 लोगों को बूस्टर डोज लगा। साथ ही 18 से 60 वर्ष के 885 को कोरोना का पहला डोज और 7695 को दूसरा डोज लगा।
कोरोना की तीसरी लहर में प्रतिदिन संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। आए दिन मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी होती जा रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही है। हालांकि मरीजों के स्वास्थ्य होने की रफ्तार भी अब तेज हो चुकी है। देर शाम आई रिपोर्ट में नौ कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की टीम जहां सक्रिय हो गई, वहीं इनके संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कर उनकी जांच करनेकी कार्रवाई भी तेज कर दी गई है, जिससे संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का भी काम किया जा रहा है, जिससे उन्हें सुरक्षित किया जा सके। इस संबंध में एसीएमओ डा.उमेश कुमार ने बताया कि एहतियात के साथ सतर्कता काफी जरूरी है।