मंदिरों और घरों में होगी शक्ति की आराधना
प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम पर उमड़ेगी भक्तों की भीड़
घरों में कलश की स्थापना कर भक्त रखेंगे व्रत
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। चैत्र नवरात्र की शुरुआत मंगलवार से हो रही है। नौ दिनों तक भक्त मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना करेंगे। प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम पर उमड़ेगी भक्तों की भीड़ उमड़ेगी तो वहीं घरों में कलश की स्थापना कर भक्त व्रत की शुरुआत करेेंगे।
नवरात्र को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। पूर्व संध्या पर सोमवार को श्रद्धालुओं ने कलश सहित पूजन से संबंधित विभिन्न सामग्रियों की खरीदारी की। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों पर भक्त पहुंचकर मां के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। नवरात्र पर अधिकांश लोग व्रत भी रखते है। बड़ी संख्या में भक्त ऐसे भी हैं, जो पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर मां की आराधना करेंगे। नवरात्र के मौके पर गहमर स्थित मां कामाख्या धाम पर नौ दिनों तक जिले सहित आसपास के अन्य जिलों के लोग मां का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचते है। पूरे नवरात्र में हवन-पूजन का कार्य होता है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा अन्य देवी मंदिरों में भी नौ दिनों तक शक्ति की आराधना की धूम रहेगी।
0000
इनसेट
पूजन सामग्री की खरीद की
गाजीपुर। चैत्र नवरात्र की पूर्व संध्या पर सोमवार को श्रद्धालुओं ने जगतजननी की आराधना के लिए पूजन सामग्री की खरीद की। सुबह खरीदारी के बाद दिन में तेज धूप की वजह से बाजार में कम लोग दिखे। शाम होते ही शहर के साथ ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पूजन सामग्री की दुकानों पर धूप-दीप, नारियल, रोरी, कलश के साथ ही चुनरी की खरीदारी की गई। दुकानों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक चुनरी विभिन्न डिजाइनों एवं छोटी-बड़ी साइज में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
0000
इनसेट
इन मंदिरों पर होगी शक्ति की आराधना
- नवाबगंज स्थित मां शीतला मंदिर
- रौजा, रजदेपुर स्थित शीतला माता मंदिर
- मिश्रबाजार स्थित मां काली मंदिर
- अमवा की सती माई चौरा
- हमीद सेतु स्थित मां काली मंदिर
- गहमर स्थित मां कामाख्या धाम
- करीमुद्दीनपुर स्थित मां कष्टहरणी देवी
- दिलदारनगर स्थित सायर माता मंदिर
- बहादुरगंज स्थित चंडी धाम
- रेवतीपुर स्थित भगवती माई मंदिर
- सैदपुर तहसील के पास स्थित मां काली मंदिर
- मुहम्मदाबाद तहसील स्थित मनोकामना देवी