गाजीपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने को लेकर लोगों ने गजब का उत्साह दिखाया। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के एक लाख 32 हजार से ज्यादा लोगों ने फार्म-छह भरकर आवेदन किया था। इसमें एक लाख 24 हजार से अधिक का नाम सूची में दर्ज कर लिया गया है। इसमें सबसे ज्यादा मतदाता जखनिया विधान सभा के हैं।
निर्वाचन आयोग की तरफ से 27 अक्तूबर से नौ दिसंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के 1 लाख 32 हजार 690 लोगों ने फार्म-छह भरकर सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। इसमें 1452 ने ऑफलाइन तथा एक लाख 31 हजार 238 ने ऑनलाइन आवेदन किया था। 17 दिसंबर तक इन सभी विधानसभा क्षेत्रों के 1 लाख 24 हजार 701 मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कर लिया गया था। 1039 आवेदन विभिन्न कारणों से अस्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह 42 हजार 177 लोगों ने सूची से नाम हटाने के लिए फार्म-सात भरकर आवेदन किया। इसके साथ ही 16 हजार 160 ने संशोधन के लिए फार्म-आठ भरा है, जिसमें 14 हजार 488 का संशोधन हुआ। 26 दिसंबर तक प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद पांच जनवरी 2024 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।-
विधानसभा फार्म-छह फार्म-सात फार्म-आठ
जखनिया -24756- 6798 - 2277
सैदपुर - 18850 5867 -3240
गाजीपुर- 18959- 4325 - 2614
जंगीपुर- 16465- 4642 -1639
जहूराबाद- 18760- 6349 - 1911
मुहम्मदाबाद- 16605 -5474-2026
जमानिया -18295- 8722-2453
-