शादियाबाद। थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव में आसमान में चमकती हुई रहस्यमयी वस्तु दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ न केवल झूठी अफवाह फैलाने, बल्कि चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष श्याम जी यादव ने बताया कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। एसओ ने बताया कि ग्रामीणों ने लिखित शिकायत में जिक्र किया है कि शुक्रवार की रात करीब 7:30 बजे आसमान में 3 से 4 चमकती हुई वस्तुएं दिखीं। गांव वालों को आशंका है कि ये वस्तुएं ड्रोन हो सकती हैं, जिनका इस्तेमाल अज्ञात लोग घरों की रेकी करने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए कर रहे हैं।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब शनिवार की रात को शादियाबाद थाने के कांस्टेबल विपिन यादव और नीरज कुमार गुरैनी गांव में गश्त पर थे। पूछताछ के दौरान, उन्होंने ग्रामीणों को इन रहस्यमय वस्तुओं के बारे में आपस में बात करते सुना, जिसके बाद पुलिस को पूरे मामले की जानकारी मिली।
इस घटना के बाद से ही गुरैनी गांव के लोग गहरे डर और दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें लगातार ऐसी अफवाहें सुनने को मिल रही हैं कि लोग ड्रोन जैसी वस्तुओं का इस्तेमाल कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इसी डर से गांव वाले अब रात में चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। भयभीत ग्रामीण स्वयं रातभर जागकर अपने गांव की सुरक्षा कर रहे हैं। संवाद