जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के राजपुर पोखरा मोहल्ले में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे शनिवार की दोपहर डंपर की टक्कर से टावर वाहन के बकेट में काम कर रहे नगर पालिका परिषद में तैनात लाइनमैन रमाशंकर शर्मा उर्फ छोटू (47) की मौत हो गई। वह हाईवे स्थित स्ट्रीट लाइटों को बकेट टावर वाहन में सवार होकर दुरुस्त कर रहे थे। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी है।
थानाध्यक्ष रामसजन नागर ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे नगर पालिका की टीम हाईवे के किनारे खराब पड़े स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने में जुटी थी। बकेट टावर वाहन में नपा कर्मी लाइनमैन हरपुर गांव निवासी रमाशंकर शर्मा उर्फ छोटू (47) स्ट्रीट लाइटों को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने टावर वाहन में टक्कर मार दी। डंपर बकेट टावर वाहन को 30 मीटर तक घसीटते ले गया।
इधर, बकेट में खड़े होकर काम कर रहे कर्मी रमाशंकर शर्मा उर्फ छोटू सीधे नीचे वाहन के डाले में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सहकर्मी चालक अफजाल, लाइनमैन दयाराम, गुल्लू गुप्ता और शिवम प्रधान घायल रमाशंकर को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद लोगों ने डंपर को रोक लिया, लेकिन उसका चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक को चिह्नित किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।